Chhattisgarh | 100 उठक-बैठक की सज़ा, 10वीं का छात्र अस्पताल पहुंचा

Spread the love

Chhattisgarh: Class 10 student hospitalized after being made to do 100 sit-ups

मोहला। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, अंबागढ़ चौकी में शारीरिक दंड का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दसवीं कक्षा के एक छात्र को सज़ा के तौर पर 100 बार उठक-बैठक कराई गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। छात्र चलने-फिरने में असमर्थ हो गया और हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर करना पड़ा।

परिजनों के मुताबिक घटना जनवरी की है। कक्षा में किसी बात को लेकर दो शिक्षिकाओं ने छात्र को उठक-बैठक करने को कहा। अत्यधिक शारीरिक दंड के बाद छात्र को चक्कर, कमजोरी और नसों में दर्द की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन ने परिवार को सूचना दी और पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया। फिलहाल छात्र का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

परिवार ने शिक्षिकाओं रुचि भागे और वर्षा प्रधान पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छात्र पिछले एक माह से बिस्तर पर है और सहारे के बिना उठ-बैठ नहीं पा रहा। बोर्ड परीक्षा नजदीक है, लेकिन शारीरिक पीड़ा के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू ने कहा है कि बच्चों को शारीरिक दंड देना अनुचित है। शिकायत मिलने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित शिक्षिकाओं को नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *