June 29, 2025

The News Wave

सच से सरोकार

Chhattisgarh | हिस्ट्रीशीटर पर जानलेवा हमले के बाद परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश

Spread the love

Chhattisgarh | After a deadly attack on a history sheeter, an attempt was made to burn the family alive

भिलाई/दुर्ग। सुपेला क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर पर जानलेवा हमले के बाद अब उसके आरोपियों के परिवार पर भी बदले की आग भड़क उठी है। गुरुवार देर रात कृष्णा नगर में आरोपियों के घर को डीजल डालकर जलाने की कोशिश की गई। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 10 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।

जानिए पूरा मामला –

बुधवार को एक हिस्ट्रीशीटर युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घायल की हालत अब भी गंभीर है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी घटना के बाद गुरुवार रात कथित रूप से हिस्ट्रीशीटर के समर्थकों ने बदले की कार्रवाई में आरोपी के घर पर हमला करने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 10 से 12 युवक कृष्णा नगर स्थित आरोपी के घर पहुंचे। उस समय घर में 12 लोग सो रहे थे। आरोपियों ने घर के बाहर डीजल छिड़का और आग लगाने की तैयारी में थे। तभी घर के अंदर डीजल की गंध फैलने लगी। सतर्क महिला संजू देवी तिवारी ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य जागे और पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। शोरगुल होते देख हमलावर मौके से फरार हो गए।

सीएसपी ने दी जानकारी –

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि रात में संजू देवी तिवारी ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लड़के डीजल की केन, चाकू और गुप्ती लेकर उनके घर के बाहर खड़े थे। पीड़िता ने शोर मचाया, जिससे आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मौके से डीजल की बोतल, चाकू और डंडे बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी “बिल्ली” नामक युवक के साथ जुड़े हुए हैं, जो पहले से ही 307 (हत्या के प्रयास) के मामले में अभियुक्त है।

पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं की कड़ी जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *