कोंडागांव | “सहयोग चौपाल” से सुलझे गांव के विवाद, मिरमिंडा में दो पक्षों के बीच बनी सहमति

Spread the love

नीरज उपाध्याय/कोंडागांव:- ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे विवादों और सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए कोंडागांव पुलिस द्वारा शुरू की गई पहल “सहयोग चौपाल” सकारात्मक परिणाम दे रही है। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन की टीम गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है तथा आपसी सहमति से उनका निराकरण कर रही है।

इसी क्रम में विकासखंड माकड़ी के ग्राम मिरमिंडा में गांडा समाज और अन्य ग्रामीणों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान के लिए सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी माकड़ी और तहसीलदार माकड़ी की मौजूदगी में दोनों पक्षों को एक मंच पर बैठाकर उनकी बातें सुनी गईं तथा सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के साथ रहने की समझाइश दी गई। चर्चा के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने पर राजी हो गए।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि “सहयोग चौपाल” का उद्देश्य केवल विवादों का समाधान करना नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करना भी है। मिरमिंडा में विवाद का शांतिपूर्ण निराकरण इस पहल की सफलता का उदाहरण माना जा रहा है। कोंडागांव पुलिस ने जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इस अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *