Chhattisgarh | These 3 cities of Chhattisgarh will be honored by the President!
रायपुर। स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सुबह 11:30 बजे से स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह आयोजित होगा। इसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के CEO सुमीत अग्रवाल के साथ चयनित निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में शामिल होंगे।
इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छता में सामूहिक जिम्मेदारी और नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों की मेहनत, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों की भागीदारी को अहम माना गया है। खास बात यह है कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को पिछले साल भी स्वच्छता पुरस्कार मिला था।
