केशकाल | पीएम श्री सेजेस में लापरवाही : विदाई समारोह के लिए बंद कर दी एलकेजी से 8वीं तक की कक्षाएं, एसडीएम ने दिया कार्यवाही का आश्वसन…..

Spread the love

केशकाल:- क्या एक विदाई समारोह के लिए सैकड़ों विद्यार्थियों की पढ़ाई ठप की जा सकती है? क्या बिना सक्षम अनुमति के पूरे स्कूल में छुट्टी घोषित करना जायज़ है? कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित पीएम श्री सेजेस स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां प्राचार्य ने अपने उच्चाधिकारियों को बिना सूचना दिए एलकेजी से 8वीं तक के सभी विद्यार्थियों के लिए अचानक एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया है। बीईओ ने जांच के निर्देश दिए हैं, जबकि एसडीएम ने प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनके विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा करने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में छुट्टी इसलिए घोषित की गई ताकि विद्यालय के शिक्षक दो प्रधान अध्यापकों के सेवानिवृत्ति अवसर पर कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में आयोजित विदाई समारोह में शामिल हो सकें। शिक्षकों के समारोह में जाने के कारण पूरे विद्यालय की पढ़ाई प्रभावित हुई है।

जब इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी के. एस. पोया से जानकारी ली गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें इस अवकाश की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, केशकाल एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि प्राचार्य द्वारा बिना अनुमति विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने बताया कि प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर महोदया एवं जिला शिक्षा अधिकारी को अनुशंसा भी भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *