केशकाल:- विधानसभा स्तरीय बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता “केशकाल प्रीमियर लीग (KPL) सीजन-2” का भव्य आयोजन आगामी 21 मई से 2 जून तक किया जाएगा। यह प्रतियोगिता रात्रिकालीन स्वरूप में आयोजित होगी, जिसके सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर लाइव किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर शनिवार को बस स्टैंड में आयोजित ऑक्शन कार्यक्रम में खिलाड़ियों पर जमकर बोलियां लगीं और पूरे आयोजन में खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। इस प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता के मुख्य स्पॉन्सर रजा ग्रुप ऑफ कंपनीज़ हैं, जिसके ऑनर सोहेल रजा हैं। वहीं प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी साकिब मेमन एवं आवेश मेमन द्वारा निभाई जा रही है।
फैज रजा रहे सबसे महंगे प्लेयर-
ऑक्शन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक टीम मालिक को खिलाड़ियों की खरीद के लिए 2 लाख पॉइंट्स प्रदान किए गए थे। सभी टीमों ने अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों पर बोली लगाई। ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी फैज रजा रहे, जिन्हें एसआरके टीम ने 78 हजार पॉइंट्स में अपनी टीम में शामिल किया। फैज रजा को लेकर हुई जोरदार बोली ने कार्यक्रम का रोमांच और बढ़ा दिया।
टूर्नामेंट के प्रति युवाओं में खासा उत्साह-
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी और प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी शामिल रहेंगे। टूर्नामेंट में कुल 47 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण में प्रत्येक टीम को 4 मैच खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता को अलग-अलग पूल में विभाजित किया गया है, जहां एक पूल में 5 टीमें रहेंगी। आयोजकों ने बताया कि पूरे टूर्नामेंट को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक इनाम राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। केशकाल क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में अभी से भारी उत्साह देखा जा रहा है।
