Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ में 520 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

Spread the love

Chhattisgarh | 520 youth got government jobs in Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की भर्ती को लेकर युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों के 520 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इन नियुक्तियों से प्रदेश के 14 जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इनमें ज्यादातर जिले जनजातीय बहुल हैं, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं और कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

किस पद पर कितनी नियुक्तियां?

कुल 520 पदों में स्टाफ नर्स के 208, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष के 95 और महिला के 94 पद शामिल हैं। इसके अलावा फार्मासिस्ट के 25, वार्ड बॉय के 50 और वार्ड आया के 48 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।

मुख्यमंत्री साय ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मरीजों की सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा और पुण्य का कार्य समझकर करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने तथा पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने पर भी काम कर रही है। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार महत्वपूर्ण है, ताकि दूरी के कारण किसी को इलाज से वंचित न रहना पड़े।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है। उन्होंने आगे भी जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग में भर्तियां करने की बात कही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *