Chhattisgarh | खाद पर सरकार का बड़ा दावा!

Spread the love

Chhattisgarh | Government’s big claim on fertilizer!

रायपुर। खरीफ सीजन शुरू होने से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के लिए बड़ा दावा किया है। सरकार का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल खाद की कोई कमी नहीं है और किसानों तक समय पर उर्वरक पहुंचाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, मार्कफेड और जिला प्रशासन मिलकर खाद वितरण व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। सरकार ने बताया कि प्रदेश में अभी 9.29 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा उर्वरकों का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि केंद्र सरकार ने इस खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन खाद का लक्ष्य आवंटित किया है।

कृषि विभाग के मुताबिक पश्चिम एशिया में तनाव के चलते उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है, लेकिन इसके बावजूद राज्य में अग्रिम तैयारी कर ली गई है। जून के पहले सप्ताह में रायपुर, महासमुंद, रायगढ़ और बालोद में 6600 मीट्रिक टन यूरिया की नई खेप भी पहुंचने वाली है।

सरकार ने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। कोरिया जिले की एक सहकारी समिति में अनियमितता मिलने पर एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

इसके साथ ही किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग के लिए भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि खेती की लागत कम हो और पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग हो सके।

सरकार का दावा है कि खरीफ सीजन में किसी भी किसान को खाद के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए लगातार समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *