Chhattisgarh | नशामुक्ति का संदेश लेकर कवर्धा पहुंची बाइक रैली

Spread the love

Chhattisgarh | Bike rally reaches Kawardha with the message of de-addiction

कवर्धा। राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम में स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया और रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

कार्यक्रम में विजय शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और नशामुक्त समाज बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे से दूर रहकर युवा शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएं। उन्होंने देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले जवानों को भी नमन किया।

28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगा संदेश

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर यह अभियान चलाया जा रहा है। रैली देश के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएगी।

मध्य जोन की रैली ओडिशा के भुवनेश्वर से शुरू होकर छत्तीसगढ़ पहुंची। रायपुर, बलौदाबाजार और बेमेतरा होते हुए बाइक राइडर्स कबीरधाम पहुंचे। यहां से रैली को मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया गया।

रैली जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए आगे बढ़ेगी। इसका समापन 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *