Chhattisgarh | Big fraud in the name of land
रायपुर. राजधानी रायपुर में जमीन के नाम पर बड़ा फ्रॉड सामने आया है। पंकज चिजवानी नाम के व्यक्ति से 28 लाख रुपए ठग लिए गए।
पूरा मामला जमीन डील से जुड़ा है, जहां राजश्री प्रॉपर्टीज के पार्टनर अनिल अग्रवाल, सपना सिंघानिया और रमेश सिंघानिया पर आरोप है कि उन्होंने मोवा इलाके में 10,300 स्क्वायर फीट जमीन दिखाकर सौदा कराया।
1400 रुपए प्रति वर्गफीट के हिसाब से डील तय हुई और पीड़ित ने 12 लाख कैश और 16 लाख चेक के जरिए पैसे दे दिए। इसके बाद जमीन पर बाउंड्री और एंट्री की परमिशन भी दे दी गई, जिससे पीड़ित को भरोसा हो गया कि सब सही है।
लेकिन बाद में जब सीमांकन हुआ तो पूरा खेल खुल गया। मौके पर पता चला कि खसरा नंबर मैच ही नहीं कर रहे और उसी जमीन पर एक और व्यक्ति ने दावा कर दिया।
ढाई साल तक मामला घूमता रहा, न जमीन मिली न पैसा वापस हुआ। आखिरकार थक-हारकर पीड़ित ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू है।
