Chhattisgarh | Amid Diwali shopping, a major theft incident took place.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दीपावली की खरीदारी के बीच चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचे गिरोह ने कथित तौर पर करीब सवा किलो सोना पार कर दिया। चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
घटना शनिवार शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। दीपावली के कारण बाजार में काफी भीड़ थी। इसी का फायदा उठाकर गिरोह दुकान में दाखिल हुआ। खास बात यह है कि संदिग्धों के साथ एक महिला और बच्चे भी मौजूद थे।
जेवर दिखाने में उलझाया, फिर किया हाथ साफ
दुकान में पहुंचकर संदिग्धों ने कर्मचारियों से अलग-अलग आभूषण दिखाने को कहा। बातचीत के दौरान वे उन्हें उलझाते रहे। इसी बीच मौका पाकर सोने के जेवरों से भरा डिब्बा लेकर निकल गए। डिब्बे में कड़े, हार और अन्य आभूषण रखे थे।
कुछ देर बाद डिब्बा गायब होने का पता चला तो दुकान में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने का रास्ता पता चल सके।
दुकान संचालक के मुताबिक डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोना था। इसकी कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है। वास्तविक कीमत का पता बिल मिलान के बाद चलेगा।
