Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ के 30 ITI का होगा कायाकल्प, युवाओं को क्या मिलेगा?

Spread the love

Chhattisgarh | 30 ITI’s of Chhattisgarh will be rejuvenated, what will the youth get?

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने की तैयारी है। राज्य के 30 शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को आधुनिक बनाने के लिए पीएम-सेतु योजना के तहत करीब 1,446 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में दुर्ग और बस्तर क्लस्टर के लिए दो अहम समझौते भी हुए हैं।

भिलाई स्टील प्लांट और NMDC से करार

दुर्ग क्लस्टर में भिलाई स्टील प्लांट और बस्तर क्लस्टर में एनएमडीसी लिमिटेड उद्योग भागीदार बनेंगे। इन संस्थानों की मदद से युवाओं को आधुनिक मशीनों, तकनीक और उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण देने की तैयारी है।

छह क्लस्टर, 30 ITI होंगे आधुनिक

योजना के तहत दुर्ग, कोरबा, सरगुजा, बस्तर, रायगढ़ और रायपुर में छह क्लस्टर बनाए जाएंगे। इनमें छह हब और 24 स्पोक आईटीआई शामिल होंगे। प्रस्ताव के मुताबिक, पांच साल में हर क्लस्टर पर करीब 241 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

हब आईटीआई को आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा, जबकि उससे जुड़े स्पोक संस्थानों को भी बेहतर संसाधन और तकनीकी सुविधाएं मिलेंगी।

बाकी क्लस्टरों में प्रक्रिया जारी

सरगुजा क्लस्टर के लिए एसईसीएल और कोरबा के लिए एनटीपीसी ने भागीदारी की सहमति दी है। रायपुर और रायगढ़ में उद्योग भागीदार चुनने की प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण को उद्योगों की जरूरतों से जोड़कर युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। अब योजना की असली परीक्षा आधुनिक सुविधाओं को जमीन पर उतारने और युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *