Chhattisgarh | गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचेंगे खिलाड़ी!

Spread the love

Chhattisgarh | Players will reach the international stage from the village!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गांवों और दूरदराज के इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अब बेहतर प्रशिक्षण और बड़े मंच तक पहुंचाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन की समीक्षा करते हुए प्रतिभाओं की पहचान से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी तक मजबूत व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।

स्कूल से ही होगी प्रतिभाओं की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही समय पर पहचानने और विशेषज्ञ प्रशिक्षण देने की। स्कूलों में नियमित खेल गतिविधियां बढ़ाने तथा बच्चों को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

बिलासपुर सेंटर में बढ़ेंगी सीटें

बैठक में बिलासपुर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर की आवासीय क्षमता 165 से बढ़ाकर 300 करने की योजना की समीक्षा हुई। एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, कुश्ती, तैराकी और कबड्डी सहित कई खेलों के विकास पर चर्चा की गई।

खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षित कोच, बेहतर पोषण, स्वास्थ्य जांच, स्पोर्ट्स साइंस और चोट से उबरने की सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया गया। फीडर सेंटर से लेकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तक प्रशिक्षण की व्यवस्थित श्रृंखला तैयार करने की योजना है।

टैलेंट हंट से मिलेगा मौका

मुख्यमंत्री ट्रॉफी और टैलेंट हंट के जरिए विकासखंड, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है। महिला और दिव्यांग खिलाड़ियों को भी विशेष अवसर देने पर जोर दिया गया।

सरकार ने मिशन के लिए अगले पांच वर्षों की कार्ययोजना और वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा की है। अब इस योजना को जमीन पर उतारना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लगातार अवसर देना अहम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *