Chhattisgarh: 1,810 senior citizens get free bus passes across the country; two new schemes launched
रायपुर। रायपुर में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित सियान सेवा महाकुंभ में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई नई पहल शुरू की गईं। कार्यक्रम में 4 हजार से ज्यादा वरिष्ठजन लाभान्वित हुए और 80 साल से अधिक उम्र के 1810 बुजुर्गों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास दिए गए।
इसके साथ ही जरूरतमंद वरिष्ठजनों को 2 हजार छड़ियां, 1 हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी वितरित की गईं। रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत भी की।
‘सियान श्रम सम्मान’ के तहत लंबे समय से पंजीकृत वरिष्ठ निर्माण श्रमिकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने की पहल हुई है। कार्यक्रम में 60 वरिष्ठ श्रमिकों को लाभ दिए जाने की जानकारी दी गई।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की ताकत है और उनकी गरिमा की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं से 15.90 लाख से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं।
वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत अब तक 2.55 लाख से ज्यादा वरिष्ठजन आध्यात्मिक यात्रा का लाभ ले चुके हैं।
