Chhattisgarh | UCC पर CM साय का बड़ा बयान, जनजातीय परंपराओं को लेकर कही ये बात

Spread the love

Chhattisgarh | CM Sai’s big statement on UCC, said this about tribal traditions

रायपुर। संविधान गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (UCC) और बस्तर के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों पर चलते हुए सरकार विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों पर समान नागरिक संहिता का असर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संविधान आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और ‘संविधान से सुशासन तक’ पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर देता है।

UCC को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में इसके लिए समिति गठित की गई है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि उनकी परंपराओं और संस्कृति का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।

बस्तर को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के दौर में लोकतंत्र को चुनौती दी गई, लेकिन जनता ने लोकतंत्र पर भरोसा बनाए रखा। अब क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का नया दौर शुरू हो रहा है। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए चल रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में संविधान निर्माताओं, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को भी याद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *