Chhattisgarh | Minister visits NCC camp, gives this important lesson to the youth!
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी बुधवार को नवा रायपुर के लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कैडेटों से संवाद किया और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य तय कर अनुशासन, धैर्य और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
मंत्री चौधरी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का मजबूत माध्यम है। इसका प्रशिक्षण सिर्फ सेना में जाने की तैयारी नहीं कराता, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए भी तैयार करता है।
इस दौरान उन्होंने एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संस्थान में आधुनिक सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी। इसके लिए अधिकारियों से विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है, ताकि आगामी बजट में आवश्यक प्रावधान करने का प्रयास किया जा सके।
चौधरी ने युवाओं को सोशल मीडिया के सीमित और समझदारी से इस्तेमाल की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि लगातार छोटी वीडियो देखने और बिना उद्देश्य समय बिताने से एकाग्रता प्रभावित हो सकती है। किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी जांच जरूरी है।
अपने सिविल सेवा की तैयारी के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने नियमित दिनचर्या और लगातार मेहनत को सफलता का आधार बताया। साथ ही युवाओं को सेना, नौसेना, वायुसेना के अलावा उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों की ओर भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
