Chhattisgarh | 187 crore plan for the development of Bastar, the picture will change in these areas!
रायपुर। बस्तर को आदर्श जनजातीय क्षेत्र बनाने के लिए सरकार ने 187.43 करोड़ रुपए की मेगा कार्ययोजना तैयार की है। संभाग के सात जिलों में बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर काम होगा। इसमें से 126.55 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है।
इस योजना का फायदा बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के 20.69 लाख से अधिक जनजातीय लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
बिजली से लेकर स्वास्थ्य तक बड़ा प्लान
योजना के तहत 461 गांवों को बिजली नेटवर्क से जोड़ने के लिए 435 करोड़ रुपए की परियोजना के पहले चरण में 85 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। वहीं, 160 गांवों में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन के लिए 16 करोड़ रुपए और अबूझमाड़िया समुदाय के पर्यावास अधिकारों के लिए 1.65 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।
कुपोषित बच्चों की देखभाल के लिए 7.15 करोड़ रुपए से क्रेच बनाए जाएंगे। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में सिकलसेल रोग के इलाज और रिसर्च के लिए 5 करोड़ रुपए का सेंटर प्रस्तावित है। स्थानीय भाषाओं में शिक्षा सामग्री तैयार करने के लिए भी 6.75 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है।
स्थानीय रोजगार और संस्कृति पर भी जोर
इमली, महुआ और चिरौंजी जैसे वनोपज के प्रसंस्करण क्लस्टर, जगदलपुर में ट्राईफूड पार्क और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जाएगा। 144 स्थानीय उद्यमों को सीड मनी देने की योजना भी शामिल है।
देवगुड़ियों के संरक्षण के लिए 10 करोड़ रुपए और बस्तर की कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग योजनाएं रखी गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे बस्तर के आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
