Janjatiya Gaurav Diwas 2026 | Big leaders will gather in Dharamjaigarh, what will be special?
रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नबीन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों को याद करने के साथ आदिवासी समाज के लिए चलाई जा रही योजनाओं और उनकी उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी।
कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को नमन किया जाएगा। साथ ही वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा।
आयोजन के लिए जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में आवास योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। महतारी वंदन योजना से 19.89 लाख से ज्यादा जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। धरती आबा अभियान के जरिए 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों और पीएम-जनमन के तहत 1,544 गांवों के 56,569 परिवारों को लाभ मिला है।
शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के 75 एकलव्य और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। बीते दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।
वन अधिकारों के तहत अब तक 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए गए हैं। कार्यक्रम में इन उपलब्धियों के साथ जनजातीय समाज के अधिकारों और विकास पर भी चर्चा होगी।
