PM SVANidhi Mahotsav Raipur | Swanidhi Mahotsav will be organized in Raipur tomorrow, what will be special?
रायपुर। राजधानी में 14 नवंबर को पथ विक्रेताओं के लिए स्वनिधि महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इसमें उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। वे प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स व प्रशस्ति पत्र वितरित करेंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) की ओर से आयोजित यह महोत्सव सुबह 10 बजे से साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। इस बार इसकी थीम ‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ रखी गई है।
कार्यक्रम में योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पथ विक्रेताओं को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं और डिजिटल भुगतान की जानकारी देने के लिए विशेष सत्र भी होंगे। इसमें रिजर्व बैंक, विभिन्न बैंकों और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के अधिकारी शामिल होंगे।
महोत्सव में फूड स्टॉल, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप करेंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल और लक्ष्मी वर्मा सहित रायपुर के विधायक, महापौर मीनल चौबे और नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर भी शामिल होंगे।
