Chhattisgarh Dhan Kharidi | Paddy procurement begins tomorrow, big relief for farmers this time!
धमतरी। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। धमतरी जिले के 108 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले ही दिन 550 से अधिक किसानों ने टोकन कटवाए हैं। प्रशासन ने इनसे करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदने की तैयारी की है।
इस बार किसानों के लिए एक अहम राहत की घोषणा भी की गई है। अब अगर किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी। इस फैसले से खासकर कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर सभी 108 खरीदी केंद्रों की 36 बिंदुओं वाली चेकलिस्ट से जांच की गई है। इसमें तौल मशीन, बारदाने, कंप्यूटर, इंटरनेट, बिजली, कर्मचारियों और भंडारण की व्यवस्था परखी गई।
किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार, तारपोलिन और बारिश से धान बचाने के इंतजाम भी किए गए हैं। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एफएक्यू गुणवत्ता मानकों का प्रदर्शन, निगरानी समितियां और सीसीटीवी व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है।
आमदी उपार्जन केंद्र में ही 31,900 बारदाने उपलब्ध हैं और यहां 1,318 किसान पंजीकृत हैं। प्रशासन का दावा है कि जिले के सभी केंद्र खरीदी शुरू करने के लिए तैयार हैं।
