Chhattisgarh | Rajdhani Royals suffer second consecutive defeat, what next?
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में राजधानी रॉयल्स की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। 24 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल की ओर अपना कदम और मजबूत कर लिया। वहीं, ललित उपाध्याय की कप्तानी वाली राजधानी रॉयल्स लगातार दूसरी हार के बाद पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच गई है।
मैच में चक्रधर चैंपियंस ने चौथे मिनट में बढ़त बनाई। युवराज वाल्मीकि ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार वेरिएशन के जरिए गोल दागा। हालांकि, राजधानी रॉयल्स के रौशन कुमार ने टोमाहॉक शॉट लगाकर स्कोर बराबर कर दिया।
इसके बाद चैंपियंस ने आक्रामक खेल जारी रखा। खोगेश्वर बाग ने वाल्मीकि के लंबे पास को गोल में बदलकर टीम को आगे किया। फिर परमप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। रॉयल्स की ओर से रौशन कुमार ने रिबाउंड पर दूसरा गोल कर मुकाबले में वापसी की कोशिश की।
चैंपियंस के परमप्रीत सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त मजबूत की। मैच के अंतिम दौर में ललित ने गोल कर रॉयल्स की उम्मीदें जगाईं, लेकिन टीम बराबरी नहीं कर सकी। मुकाबला चैंपियंस ने 4-3 से जीत लिया।
रौशन कुमार को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और परमप्रीत सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
अब राजधानी रॉयल्स 25 अक्टूबर को मैनपाट टाइटन्स से भिड़ेगी, जबकि चक्रधर चैंपियंस का मुकाबला 26 अक्टूबर को इसी टीम से होगा।
