Chhattisgarh: Octopus Bar and several other shops gutted in flames; investigation underway
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा चौक पर देर रात भीषण आग से हड़कंप मच गया। आग सुंदरानी हार्डवेयर से शुरू हुई और देखते ही देखते ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानों तक फैल गई। हादसे में बाहर खड़ी कई बाइक भी जल गईं। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। आग इतनी विकराल थी कि तेज बारिश के बावजूद उस पर काबू पाने में घंटों लग गए।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए निजी पावर प्लांटों की दमकलों की भी मदद ली गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया।
आग की लपटें ऑक्टोपस बार तक पहुंच गई थीं। बार की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों ने छत के रास्ते बाहर निकलकर जान बचाई। आसपास के मकानों को भी एहतियातन खाली कराया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
