Nakti Gaon | नकटी गांव के लिए कांग्रेस की ‘न्याय पदयात्रा’… राजभवन तक मार्च

Spread the love

Nakti Village | Congress’s ‘Justice Padyatra’ for Nakti Village… March to Raj Bhavan

रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को ‘न्याय पदयात्रा’ निकाली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में शुरू हुई यह पदयात्रा नकटी गांव से राजभवन (लोकभवन) तक निकाली गई, जिसमें प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, विधायक और कार्यकर्ता शामिल हुए।

करीब 13 किलोमीटर लंबी पदयात्रा नकटी गांव से पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ होते हुए राजभवन तक पहुंची। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग उठाई।

कांग्रेस का कहना है कि 85 प्रभावित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। पार्टी ने प्रत्येक परिवार को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट भूमि आवंटित कर पुनर्वास और मकान तोड़े जाने से हुए नुकसान के अनुरूप मुआवजा देने की मांग की है। प्रभावित परिवारों ने सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में अस्थायी पुनर्वास का प्रस्ताव ठुकरा दिया है और गांव में ही बसाने की मांग पर अड़े हैं।

पदयात्रा के दौरान दीपक बैज के पैर में आई मोच

यात्रा शुरू होने के कुछ देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट लगने के कारण वे आगे पैदल नहीं चल सके और बाद में कार से पदयात्रा के साथ चलते रहे, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मार्च जारी रखा।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया। यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *