केशकाल:- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘न्योता भोज’ के तहत बुधवार को केशकाल एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक ने केशकाल विकासखंड के ग्राम बटराली स्थित प्राथमिक शाला में स्कूली बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों एवं विद्यालय स्टाफ के साथ केक काटा और सभी विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन कराया। एसडीएम सुश्री नायक ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर आत्मीयता और उत्साह से बच्चोंके साथ भोजन किया। बच्चों ने भी केक काटकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘न्योता भोज’ के तहत विशेष तिथि एवं अवसरों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों कर्मचारियों एवं समाजसेवी द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों के साथ भोजन करते हैं और अपने विशेष अवसरों को सामाजिक सहभागिता एवं जनसेवा से जोड़ते हैं। एसडीएम आकांक्षा नायक ने भी इसी पहल में सहभागिता निभाते हुए अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर एक सकारात्मक संदेश दिया। जन्मदिन के इस अवसर को और भी यादगार बनाते हुए एसडीएम ने विद्यालय के लगभग 100 विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन के लिए अपनी ओर से स्टील की थालियां भेंट कीं। उनकी इस संवेदनशील पहल की विद्यालय स्टाफ, बच्चों और ग्रामीणों ने सराहना की।
कार्यक्रम में माहेश्वरी हिंडको सरपंच बटराली, खंड शिक्षा अधिकारी के. एस. पोया, राजाराम नेताम प्रधानअध्यापक, गणेश चंद्र देवांगन प्रधानाध्यापक, राजेश कुमार उइके, कुशल बैध, भूपेंद्र साहू, किरण सक्सेना, गोमती नेताम विद्यालय का समस्त स्टाफ सहित एसडीएम के माता पिता समेत परिजन भी उपस्थित रहे।
