केशकाल:- राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम सिंगनपुर में गुरुवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में केशकाल के वरिष्ठ व्यापारी हुसैन विरानी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उनकी क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हुसैन विरानी अपनी क्रेटा कार से केशकाल से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगनपुर में वेयरहाउस के सामने उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गम्भीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और केशकाल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हुसैन विरानी दो दिन पहले ही सऊदी अरब से हज यात्रा पूरी कर वापस लौटे थे। हज से लौटने के कुछ ही समय बाद हुई इस दुखद घटना ने परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हुसैन विरानी के निधन की खबर फैलते ही केशकाल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
