कोंडागांव। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने शुक्रवार को जिले के समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की विशेष अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान एसपी चन्द्रा ने थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने, लंबित प्रकरणों में शीघ्र चालान प्रस्तुत करने तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को मजबूत कर अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही विवेचना की गुणवत्ता में सुधार कर न्यायालयों में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
एसपी ने लंबे समय से लंबित अपराधों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबित समन और वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों में आने वाले फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो। इसके अलावा अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने, गांवों में चलित थाना लगाकर जनसंपर्क बढ़ाने तथा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से साइबर अपराध, एटीएम एवं बैंक फ्रॉड तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, नियमित पेट्रोलिंग करने तथा चेक पोस्ट के माध्यम से निगरानी बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान-
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। ‘कॉप ऑफ द मंथ’ पुरस्कार अनुविभागीय अधिकारी पुलिस फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय तथा थाना प्रभारी विश्रामपुरी निरीक्षक श्री शंकर लाल ध्रुव को प्रदान किया गया। वहीं ‘एम्पलाई ऑफ द मंथ’ पुरस्कार रीडर पुलिस अधीक्षक उप निरीक्षक श्री खेमराज जैन एवं डीएसबी शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक श्री कैलाश ठाकुर को दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य पूरे जिले के पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा की जाती है।
