Chhattisgarh | NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI का उग्र प्रदर्शन

Spread the love

Chhattisgarh: NSUI stages protest against NEET paper leak

रायपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। NSUI कार्यकर्ता सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले, लेकिन रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई।

हालात बिगड़ते देख पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया। प्रदर्शन खत्म होने से पहले कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। घटना में कई कार्यकर्ता घायल हुए, जबकि 12 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर बाद में मुचलके पर छोड़ दिया गया।

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ घायल छात्रों से मिलने अस्पताल पहुंचे और पुलिस कार्रवाई को बर्बर बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों पर FIR दर्ज की गई तो संगठन भी कानूनी लड़ाई लड़ेगा। वहीं भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस और NSUI पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग पांच साल सत्ता में रहे, वे अब नैतिकता की बात कर रहे हैं।

NSUI का आरोप है कि NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। संगठन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *