Chhattisgarh: ED takes major action in liquor scam, attaches properties linked to Dhebar and Tuteja
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। ED ने आरोपी अनवर ढेबर और पूर्व IAS अनिल टुटेजा से जुड़ी 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा बाजार मूल्य की संपत्तियों को अटैच कर दिया है।
ED का दावा है कि साल 2019 से 2023 के बीच शराब घोटाले के जरिए 2883 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध कमाई की गई। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर एजेंसी ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
कार्रवाई के तहत रायपुर की चर्चित ढेबर सिटी समेत कई जमीनों को कुर्क किया गया है। इसके अलावा गोवा के अंजुना में स्थित लग्जरी होटल “वेस्टिन गोवा” भी ED की कार्रवाई की जद में आ गया है।
जांच एजेंसी का कहना है कि घोटाले से जुड़ी संपत्तियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां और पूछताछ हो चुकी हैं, लेकिन अब 1000 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियों पर शिकंजा कसने से मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।
शराब घोटाले को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति पहले से गरम है और ED की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
