Chhattisgarh: The ‘Wetland Mitra’ campaign received significant support in Chhattisgarh, with over 500 people joining.
रायपुर, 21 नवंबर 2025। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य आद्रभूमि प्राधिकरण ने राज्यभर में वेटलैंड संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए “वेटलैंड मित्र अभियान” की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य स्थानीय समुदायों को सीधे आद्रभूमि संरक्षण से जोड़ना और वेटलैंड्स की निगरानी में जनभागीदारी बढ़ाना है।
QR कोड स्कैन कर बन सकते हैं वेटलैंड मित्र
वेटलैंड मित्र बनने के इच्छुक लोग QR कोड स्कैन कर निर्धारित फॉर्म भरकर अपने नजदीकी आद्रभूमि क्षेत्र से जुड़ सकते हैं। पंजीकृत वेटलैंड मित्रों को संरक्षण संबंधी जानकारी, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे वेटलैंड क्षेत्रों में हो रहे बदलाव, अवैध गतिविधियों की सूचना देना और समुदाय तक जरूरी जानकारी पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
500 से अधिक वेटलैंड मित्र जुड़े, कोरबा सबसे आगे
अभियान की सबसे बड़ी सफलता यह है कि राज्य में अब तक 500 से अधिक वेटलैंड मित्र पंजीकृत हो चुके हैं। यह आकड़ा न केवल बढ़ती जागरूकता का संकेत है, बल्कि प्रकृति संरक्षण के प्रति नागरिकों की गंभीरता को भी दर्शाता है। अकेले कोरबा जिले में ही लगभग 200 वेटलैंड मित्र सक्रिय हैं जो संरक्षण गतिविधियों में निरंतर सहयोग दे रहे हैं।
वेटलैंड मित्र बना रहे विभाग और जनता के बीच सेतु
राज्य में वेटलैंड मित्रों का एक मजबूत नेटवर्क विकसित किया गया है, जो विभाग और आम जनता के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहा है। इनकी मदद से आद्रभूमियों की जैव-विविधता, पारिस्थितिकी महत्व और सतत उपयोग की अवधारणाओं का व्यापक प्रसार हो रहा है।
प्राकृतिक संपदा संरक्षण को मिली नई गति
यह अभियान समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा देते हुए राज्य की दीर्घकालिक संरक्षण योजनाओं को मजबूत आधार प्रदान कर रहा है। वेटलैंड मित्रों का योगदान छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा की रक्षा करने और वेटलैंड संरक्षण को जनअभियान का रूप देने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
