Chhattisgarh’s national highways have become green corridors; NHAI has planted over 2.71 lakh trees.
रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों को ग्रीन कॉरिडोर में बदलते हुए इस साल 2.71 लाख से अधिक पौधे लगाए हैं। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ कार्यक्रम के तहत किया गया।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ में हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की नई दिशा दे रही है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण केवल विकास की आधारशिला नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु और हरित जीवन का संकल्प भी है।
सबसे ज्यादा पौधे किन मार्गों पर रोपे गए
रायपुर-विशाखापट्टनम (NH-130CD): 97,145 पौधे
महाराष्ट्र सीमा-दुर्ग-रायपुर-ओडिशा सीमा (NH-53): 46,141 पौधे
चांपा-कोरबा-कटघोरा (NH-149B): 23,020 पौधे
बिलासपुर-कटघोरा (NH-130): 16,847 पौधे
बिलासपुर-उरगा-पत्थलगांव (NH-130A): 14,400 पौधे
सिमगा-रायपुर-धमतरी (NH-30): 5,406 पौधे
राष्ट्रीय राजमार्गों के डिवाइडर्स पर मीडियन प्लांटेशन और किनारों पर एवेन्यू प्लांटेशन के रूप में पौधे लगाए गए। इनमें बड़े फलदार और छायादार वृक्ष भी शामिल हैं।
इसके अलावा पिछले वर्षों में क्षतिग्रस्त पौधों को बदलने के लिए 68,297 जगहों पर रिप्लांटेशन किया गया। इस तरह चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 2,71,253 पौधे राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगाए जा चुके हैं।
NHAI अधिकारी का बयान
रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि यह सिर्फ वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ी के लिए निवेश है। उनका उद्देश्य केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और सुंदर पर्यावरण का निर्माण करना भी है।
