नीरज उपाध्याय | कोंडागांव:- विश्रामपुरी पुलिस ने लिहागांव लेम्प्स के खाद गोदाम से हुई लाखों रुपये की उर्वरक खाद चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 154 बोरी शासकीय उर्वरक खाद बरामद की है। लिहगांव लेम्प्स प्रबंधक अनुप कुमार निषाद ने 21 मई को थाना विश्रामपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 एवं 18 मई की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने खाद गोदाम के शटर का ताला तोड़कर अंदर रखी 95 बोरी डीएपी एवं 61 बोरी यूरिया खाद चोरी कर ली। चोरी गए खाद की कुल कीमत 1 लाख 44 हजार 506 रुपये 50 पैसे आंकी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा के नवरंगपुर जिले के ग्राम किबेकोंगा में कुछ लोगों के पास संदिग्ध रूप से बड़ी मात्रा में रासायनिक खाद मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रेमलाल गोंड (25 वर्ष), संतु गोंड (22 वर्ष) तथा प्रेमलाल गोंड (23 वर्ष), निवासी ग्राम किबेकोंगा, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने खाद गोदाम के शटर का ताला लोहे के कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया और पिकअप वाहन क्रमांक OD-24 K-4191 में दो फेरे लगाकर डीएपी एवं यूरिया खाद चोरी कर ओडिशा ले गए थे। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी की गई 154 बोरी शासकीय उर्वरक खाद बरामद कर ली गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 30 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना एवं कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव, उपनिरीक्षक अभिराम मेश्राम, प्रधान आरक्षक देवार्चन सिदार, कमलेश्वरे जुर्री, जागेश मंडावी, तुलाराम नेताम, गौतम मरकाम, ललिता मरकाम और सुमन नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
