May 19, 2024

The News Wave

सच से सरोकार

मंत्री अनिला भेंडि़या के साथ राजधानी में हजारों महिलाओं ने किया पॉवर वॉक

1 min read
Spread the love

मंत्री श्रीमती भेंडि़या के साथ राजधानी में हजारों महिलाओं ने किया पॉवर वॉक

सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षित और सशक्त उपस्थिति के लिए बढ़े कदम

महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अनिला भेंडिया के साथ हजारों महिलाओं ने राजधानी में सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षित और सशक्त उपस्थिति के लिए रात 8 बजे एक साथ कदम बढ़ाए। श्रीमती भेंडि़या ने हरी झण्डी दिखाकर रायपुर के मरीन ड्राईव से गुरू घासीदास संग्रहालय तक पॉवर वॉक का शुभारंभ किया। श्रीमती भेंडि़या की अध्यक्षता में रात में महिलाओं की उपस्थिति को सामान्य बनाने तथा लोगों को सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किशोरियां और महिलाएं सड़क पर निकली। पॉवर वॉक के माध्यम से समाज में व्यापक स्तर पर एक प्रगतिशील मानसिकता लाने के साथ-साथ पीडि़ताओं के आत्म-दोष की मानसिकता को मिटाने का प्रयास किया गया। पॉवर वॉक का आयोजन राष्ट्रीय तथा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देशानुसार एक मार्च को देश में पहली बार हर राज्य मुख्यालय में महिलाओं का ’पॉवर वॉक’ आयोजित किया गया है।

श्रीमती भेंडि़या ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अपने बुलंद इरादों से महिलाएं एक नया इतिहास लिख सकती हैं। महिलाओं को अबला नहीं अब सबला बनकर दिखाना है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं का उतना ही अधिकार है जितना पुरूषों का है। प्रगतिशील समाज के निर्माण में महिलाओं का यह पॉवर वॉक बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने समाज से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी रक्षा और गरिमा को बनाए रखने के लिए आव्हान किया। श्रीमती भेंडि़या ने कहा कि महिलाएं सुरक्षा के लिए खुद को तैयार करें। महिलाओं को अपने अधिकारों, हक और सुरक्षा के लिए खुद लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि पुरूष वर्ग भी बेटियों, बहनों और माताओं के मान-सम्मान के लिए सहयोग करें। पॉवर वॉक के समापन पर श्रीमती भेंडि़या ने महिला संगठनों को सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *