Sai Hyderabad Visit | CM Vishnu Dev Sai meets investors in Hyderabad
रायपुर। छत्तीसगढ़ में निवेश बढ़ाने की मुहिम के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हैदराबाद में आयोजित “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां वे देश के बड़े उद्योग समूहों और निवेशकों को राज्य की नई औद्योगिक नीति, आसान प्रक्रियाओं और निवेश के बेहतर माहौल की जानकारी देंगे।
सरकार का दावा है कि नई उद्योग नीति और निवेशक-अनुकूल फैसलों की वजह से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है। उद्योग, ऊर्जा, आईटी, खाद्य प्रसंस्करण, अधोसंरचना और खनिज आधारित क्षेत्रों में निवेश के बड़े अवसर मौजूद हैं, जिन्हें लेकर निवेशकों के साथ सीधी चर्चा होगी।
अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में निवेशक संवाद कार्यक्रमों के बाद अब हैदराबाद में यह बड़ा आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री साय निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित करेंगे और संभावित निवेश प्रस्तावों पर मंथन करेंगे।
सरकार के अनुसार नई निवेश नीति के चलते राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। ऐसे में हैदराबाद का यह कार्यक्रम निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
