KONDAGAON | खाकी ने ही खाकी को ठगा! निवेश के नाम पर साथी पुलिसकर्मियों से लाखों की ठगी, आरक्षक गिरफ्तार….

Spread the love

कोंडागांव। कोंडागांव जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस विभाग के ही एक आरक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी आरक्षक दिनेश पांडे ने अपने साथी पुलिसकर्मियों को एक निजी कंपनी में निवेश करने पर हर माह लाखों रुपये का मुनाफा मिलने का लालच दिया। इस झांसे में आकर कम से कम तीन आरक्षकों ने करीब 10 लाख रुपये से अधिक की राशि निवेश कर दी। आरोप है कि निवेश की गई रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित आरक्षकों ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी आरक्षक दिनेश पांडे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

ठगी के पैसों से दुबई-सिंगापुर घूमने का आरोप-

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने ठगी से प्राप्त पैसों से दुबई, सिंगापुर सहित कई देशों की यात्रा भी की है। मामले में पुलिस द्वारा निवेश की गई राशि, अन्य संभावित पीड़ितों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

हालांकि, इस मामले में कोंडागांव पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति या पुष्टि जारी नहीं की गई है। ऐसे में उपरोक्त जानकारी प्रारंभिक रूप से सूत्रों के आधार पर प्राप्त हुई है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद मामले में और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *