केशकाल | NH-30 बहिगांव में दर्दनाक सड़क हादसा, आम से भरी पिकअप को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Spread the love

नीरज उपाध्याय/केशकाल:- राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार अलसुबह ग्राम बहिगांव के पास एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में पिकअप वाहन में सवार तीन युवकों में से एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायल बताए जा रहे हैं। जिनका फरसगांव अस्पताल में उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में आम लोड कर चालक एवं अन्य युवक जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बहिगांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने पिकअप को जबरदस्त ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *