Chhattisgarh | Two videos related to schools are viral on social media
सारंगढ़/मुंगेली। छत्तीसगढ़ में स्कूलों से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं और दोनों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सारंगढ़ में एक सरकारी स्कूल की महिला शिक्षिका का स्कूल परिसर में रील बनाने का वीडियो सामने आया है। वहीं मुंगेली के एक निजी स्कूल में टीचर और स्टूडेंट्स का डांस वीडियो वायरल हो रहा है।
सारंगढ़ के शासकीय कन्या प्राथमिक शाला कुटेला की बताई जा रही शिक्षिका वीडियो में हाथ में पेन लेकर छत्तीसगढ़ी और फिल्मी गानों पर रील बनाती नजर आ रही हैं।
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इसे स्कूल टाइम में बनाया गया था। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्कूल प्रबंधन या शिक्षा विभाग की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अगर वीडियो स्कूल समय का है, तो फिर सवाल उठता है कि उस दौरान कक्षाओं और पढ़ाई की व्यवस्था कैसे चल रही थी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुंगेली में ‘बीड़ी जलई ले’ पर डांस
दूसरा वीडियो मुंगेली के रेम्बो मेमोरियल इंग्लिश मीडियम स्कूल का बताया जा रहा है। वीडियो में टीचर्स डे कार्यक्रम के दौरान शिक्षक और छात्र-छात्राएं ‘बीड़ी जलई ले जिगर से पिया…’ गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद कार्यक्रम में इस तरह के गाने के चयन को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वीडियो कब का है और कार्यक्रम का पूरा संदर्भ क्या था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दोनों मामलों में वायरल वीडियो के आधार पर सवाल जरूर उठ रहे हैं, लेकिन स्कूल टाइम में रील बनाने या कार्यक्रम के पूरे संदर्भ से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
