Chhattisgarh: Senior railway official accused of bribery; CBI traps, seizes Rs 77 lakh cash from his home
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के भिलाई में तैनात सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (Sr. DME) को CBI ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।
CBI के मुताबिक अधिकारी ने लंबित बिल क्लियर करने के बदले पहले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद सौदा 1 लाख रुपये में तय हुआ। पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये देने थे।
13 अगस्त को CBI ने ट्रैप किया। आरोप है कि अधिकारी ने रकम खुद लेने के बजाय अपने निर्देश पर एक बिचौलिए के जरिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मंगवाई। इसके बाद अधिकारी और कथित बिचौलिए के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ट्रैप के बाद CBI ने रायपुर और भिलाई में अधिकारी के घर और कार्यालय की तलाशी ली। तलाशी में करीब 77 लाख रुपये नकद और 14 लाख रुपये की ज्वेलरी मिलने की बात सामने आई है।
यानी कुल करीब 91 लाख रुपये की नकदी और आभूषण बरामद हुए हैं। अब CBI यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम और ज्वेलरी का स्रोत क्या है और इसका रिश्वतखोरी से कोई संबंध है या नहीं।
CBI ने अधिकारी और कथित बिचौलिए को 14 अगस्त को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
