Chhattisgarh: 31,000 sugarcane farmers in Chhattisgarh will receive a bonus, find out how much.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 के गन्ना बोनस की गणना का आधार 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश के चार सहकारी शक्कर कारखानों से जुड़े 31,022 किसानों को करीब 51.09 करोड़ रुपये का बोनस मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किसानों को बधाई दी है। मंत्री कश्यप ने कहा कि बोनस बढ़ने से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलेगा। इससे खेती की लागत पूरी करने और अगली फसल की तैयारी में मदद मिलेगी।
किसानों को कितना मिलेगा बोनस?
सरकार के मुताबिक, पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 329.05 रुपये प्रति क्विंटल आधार बनाया गया है। 425 रुपये में से FRP घटाने पर किसानों को 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस मिलेगा।
चार शक्कर कारखानों के किसानों को लाभ
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा: 14,961 किसानों को करीब 24.55 करोड़ रुपये।
सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया: 8,049 किसानों को करीब 11.68 करोड़ रुपये।
महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता: 7,250 किसानों को करीब 11.35 करोड़ रुपये।
दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना, बालोद: 762 किसानों को करीब 3.52 करोड़ रुपये।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक मदद मिलेगी और प्रदेश में गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा।
