Chhattisgarh | High Court directive in the grade pay case of 13 assistant professors
रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शैक्षणिक ग्रेड पे और एरियर की मांग करने वाले 13 सहायक प्राध्यापकों को राहत की उम्मीद दी है। कोर्ट ने उच्च शिक्षा विभाग को उनकी पात्रता की जांच कर शिकायतों का निराकरण करने का निर्देश दिया है। पात्र पाए जाने पर शिक्षकों को उनकी हकदार तारीख से ग्रेड पे का भुगतान करना होगा।
यह मामला अलग-अलग शासकीय महाविद्यालयों में पदस्थ 13 सहायक प्राध्यापकों से जुड़ा है। अभिषेक कुमार मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों ने ग्रेड पे और बकाया राशि की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। विभाग के स्तर पर समाधान नहीं होने के बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
याचिकाकर्ताओं ने लोकमणि यादव एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन मामले में 25 जून 2024 को दिए गए आदेश का हवाला दिया। उस मामले में हाईकोर्ट ने समिति बनाकर शिक्षकों की पात्रता जांचने और पात्र पाए जाने पर संबंधित तारीख से ग्रेड पे देने का निर्देश दिया था।
जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की पीठ में सुनवाई के दौरान राज्य शासन ने इस सीमित मांग पर आपत्ति नहीं की। इसके बाद कोर्ट ने पूर्व आदेश के आधार पर याचिका का निराकरण कर दिया।
अब उच्च शिक्षा विभाग को समिति के माध्यम से सभी 13 शिक्षकों की पात्रता जांचनी होगी। पात्रता साबित होने पर उन्हें ग्रेड पे और एरियर मिलने का रास्ता खुल सकता है।
