Chhattisgarh Child Welfare | 97 लाख बच्चों का होगा हिसाब, बनेगा नया फ्रेमवर्क!

Spread the love

Chhattisgarh Child Welfare | 97 lakh children will be accounted for, a new framework will be created!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब बच्चों के विकास और सरकारी योजनाओं के असर का आकलन किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार बाल कल्याण फ्रेमवर्क तैयार कर रही है। इसके जरिए प्रदेश के 97 लाख से ज्यादा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े आंकड़ों की पड़ताल होगी।

सरकार का मकसद यह पता लगाना है कि योजनाओं का लाभ किन बच्चों तक पहुंच रहा है और कौन अब भी इससे छूट रहा है। आकलन के आधार पर जरूरत वाले इलाकों में बजट और संसाधन उपलब्ध कराने की योजना है। इस बार बस्तर और सरगुजा पर खास फोकस रहेगा।

हाल ही में नया रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक हुई। इसमें यूनिसेफ के वैश्विक और राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ अलग-अलग विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में तय किया गया कि पूरे प्रदेश में लागू करने से पहले एक जिले में पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा। फ्रेमवर्क में दो प्रमुख इंडेक्स रखे जाएंगे। आउटकम इंडेक्स से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और समग्र विकास की स्थिति देखी जाएगी। वहीं अटेनमेंट इंडेक्स से यह आकलन होगा कि बच्चों को उनकी उम्र के मुताबिक जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं।

इस पहल में 12 से ज्यादा विभाग मिलकर काम करेंगे। योजनाओं की निगरानी और उनके बजट को जमीनी जरूरतों से जोड़ने पर जोर रहेगा। यानी अब सिर्फ योजनाओं का बजट नहीं, बल्कि बच्चों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचा या नहीं, यह भी देखा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *