Chhattisgarh High Court Bail | हाईकोर्ट से आरोपी को राहत, लापरवाही पर जांच के आदेश!

Spread the love

Chhattisgarh High Court Bail | Relief to the accused from the High Court, orders investigation into negligence!

बिलासपुर। शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में जेल में बंद आरोपी को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। लेकिन इस मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने एक ऐसी लापरवाही पकड़ी, जिस पर विभागीय जांच के आदेश दे दिए।

जस्टिस राकेश मोहन पांडे की सिंगल बेंच ने आरोपी अंकित भगत की जमानत याचिका पर सुनवाई की। मामले में 41 वर्षीय विधवा शिक्षिका ने 23 दिसंबर 2025 को जशपुर जिले के सन्ना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब ढाई साल तक उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 376(2)(एन) और 506 के तहत मामला दर्ज किया था।

बचाव पक्ष ने कोर्ट में दलील दी कि महिला को आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी थी और दोनों के बीच सहमति से संबंध थे। चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और आरोपी 29 मार्च 2026 से जेल में है। ट्रायल में समय लगने की संभावना को देखते हुए कोर्ट ने 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर रिहाई का आदेश दिया।

हालांकि, सुनवाई के दौरान केस डायरी को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई। थाना प्रभारी ने बताया कि केस डायरी 15 अक्टूबर को ही महाधिवक्ता कार्यालय में जमा कर दी गई थी, लेकिन जमानत आवेदन के साथ उसे टैग नहीं किया गया।

इस पर कोर्ट ने संबंधित विभाग के सचिव को जिम्मेदार डीलिंग क्लर्क या सेक्शन ऑफिसर के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने और 15 दिनों में शपथपत्र के साथ अनुपालन रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। आरोपी को गवाहों को प्रभावित नहीं करने और हर सुनवाई में उपस्थित रहने की शर्त पर जमानत दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *