Chhattisgarh | ओलंपियनों की भिड़ंत में किसने मारी बाजी?

Spread the love

Chhattisgarh | Who won the clash between Olympians?

रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार खेल दिखाते हुए राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हरा दिया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों की कमान ओलंपियन खिलाड़ियों के हाथों में थी।

ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने एक गोल किया, लेकिन टीम बराबरी नहीं कर सकी।

पूरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स की रक्षापंक्ति ने राजधानी रॉयल्स के हमलों को रोककर रखा। शानदार प्रदर्शन के लिए केतन कुशवाहा को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

महिला मुकाबले में भी गोलों की बरसात

महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। कप्तान आंचल साहू ने दो गोल किए, जबकि लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने एक-एक गोल दागा। महानदी की ओर से रिया खलखो ने गोल किया।

छत्तीसगढ़ की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग 1 नवंबर तक रायपुर में चलेगी। इसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। शुक्रवार को मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स शाम 5:30 बजे, जबकि चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स शाम 7:30 बजे भिड़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *