Chhattisgarh | Jashpur to get a hi-tech bus stand, find out what will be special!
जशपुर। जशपुरनगर में यात्रियों को जल्द आधुनिक बस स्टैंड की सुविधा मिल सकती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर करीब 11.83 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक बस टर्मिनल बनाने की मंजूरी दी गई है। फिलहाल इसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है।
एक साथ 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था
वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में करीब तीन एकड़ जमीन पर बस स्टैंड विकसित किया जाएगा। यहां एक साथ 35 से 40 बसें खड़ी हो सकेंगी। वर्तमान में जशपुरनगर बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और 5 हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं।
वेटिंग हॉल से डिजिटल स्क्रीन तक सुविधाएं
प्रस्तावित बस टर्मिनल में आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, शौचालय और बसों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी देने वाली डिजिटल स्क्रीन की सुविधा होगी। परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को जरूरी सामान और सेवाएं मिल सकेंगी, वहीं स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कुनकुरी और पत्थलगांव को भी सौगात
जशपुरनगर के अलावा कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड बनाने की स्वीकृति दी गई है। वहीं, बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है।
इन परियोजनाओं से जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान करने की उम्मीद है। हालांकि, जशपुरनगर के हाईटेक बस स्टैंड के लिए अभी टेंडर प्रक्रिया पूरी होना बाकी है।
