Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज, मैदान में उतरेंगे दिग्गज

Spread the love

Chhattisgarh Hockey League begins, veterans will take the field

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने के लिए पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की तैयारियां तेज हो गई हैं। 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में मुकाबले खेले जाएंगे। सोमवार को लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान किया गया और सभी टीमों की जर्सी लॉन्च की गई।

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस पहल से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच और मार्गदर्शन मिलेगा।

छह टीमें, 132 खिलाड़ी

लीग में चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स, राजधानी रॉयल्स, मैनपाट टाइगर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। कुल 132 खिलाड़ियों में छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं।

ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर सिंह और चिंगलेनसाना सिंह अलग-अलग टीमों के मार्की खिलाड़ी होंगे।

विजेता को 11 लाख, एंट्री फ्री

लीग में 18 पुरुष मुकाबले और एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच होगा। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को 6 लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं।

दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा। पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मुकाबलों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय भी प्रस्तुति देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *