Chhattisgarh | रायपुर RRB परीक्षा में अनोखा नकल कांड!

Spread the love

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित IDZ सरोना परीक्षा केंद्र में आयोजित रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया। आरोपी ने मोबाइल छिपाने के लिए डबल अंडरगारमेंट पहन रखा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

डबल अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था मोबाइल

जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी अफताब (28) रेलवे भर्ती बोर्ड की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) देने परीक्षा केंद्र पहुंचा था। उसने निरीक्षकों की नजर से बचने के लिए मोबाइल फोन डबल अंडरगारमेंट के भीतर छिपा रखा था।

कंप्यूटर स्क्रीन की खींच रहा था फोटो

परीक्षा के दौरान आरोपी कंप्यूटर स्क्रीन पर आए प्रश्नों की फोटो मोबाइल से खींच रहा था, ताकि इंटरनेट के जरिए उनके उत्तर खोज सके। उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर परीक्षा केंद्र के निरीक्षकों की नजर पड़ी। जांच करने पर उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

परीक्षा केंद्र प्रबंधन की सूचना पर डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

गिरोह से जुड़े होने की भी जांच

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित नकल गिरोह का हिस्सा तो नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *