अरुण साव का केशकाल दौरा: बायपास निर्माण पर संतोष, शहर और विश्रामपुरी सड़क चौड़ीकरण का दिलाया भरोसा

Spread the love

केशकाल:- केशकाल में विकास कार्यों को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव का बड़ा दौरा देखने को मिला। चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान डिप्टी सीएम ने केशकाल पहुंचकर निर्माणाधीन बाइपास मार्ग, शहर की नवनिर्मित सड़क और ग्राम बेड़मा में जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और केशकाल शहर की सड़क चौड़ीकरण व नाली निर्माण कार्य को जल्द स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिलाया। जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों का निरीक्षण किया और ग्रामीण महिलाओ से भी मुखातिब हुए। इस दौरान उनके साथ विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम, सरपंच लंबोदर सलाम एवं कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना भी मौजूद रहीं।

चार दिवसीय बस्तर दौरे पर निकले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव शुक्रवार को केशकाल पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले निर्माणाधीन केशकाल बाइपास मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, भूमि अधिग्रहण और पेड़ों की कटाई सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बाइपास निरीक्षण के बाद डिप्टी सीएम अरुण साव केशकाल नगर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर की मुख्य सड़क का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक नीलकंठ टेकाम ने केशकाल नगर की सड़क चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त कर जल्द कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केशकालवासियों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा की सौगात मिलेगी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ग्राम बेड़मा पहुंचे, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर घर तक नल जल योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर ग्रामीणों को नल जल योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

मीडिया से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि विधायक नीलकंठ टेकाम द्वारा केशकाल-विश्रामपुरी मार्ग के चौड़ीकरण तथा केशकाल नगर की सड़क एवं नाली निर्माण की मांग रखी गई है। इस संबंध में केंद्र सरकार से पत्राचार करने और विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर जल्द आवश्यक स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई जल जीवन मिशन योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचे और लोगों को इसका सीधा लाभ मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *