Raipur Queens Club | A luxury club will be built in Raipur!
रायपुर। रायपुर को जल्द ही एक नया प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस हब मिलने वाला है। राजधानी के क्वींस क्लब ऑफ इंडिया को अब पूरी तरह मॉडर्न बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने क्लब के विकास और संचालन के लिए PPP मॉडल पर बड़ी परियोजना प्रस्तावित की है।
परियोजना के तहत क्लब में टेनिस कोर्ट, स्क्वैश कोर्ट, जिम, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल, बिलियर्ड रूम और टेबल टेनिस जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर का भी बड़े स्तर पर नवीनीकरण होगा।
सबसे खास बात यह है कि क्लब परिसर में करीब 61 कमरों वाला आधुनिक हॉस्पिटैलिटी और आवासीय ब्लॉक भी बनाया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट में करीब 25 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। सरकार का दावा है कि इससे रायपुर में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और शहर को एक नई पहचान मिलेगी।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साफ किया है कि वर्तमान सदस्यों और सांसद-विधायक वर्ग की विशेष सदस्यता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। परियोजना को 20 साल की लाइसेंस अवधि के साथ विकसित किया जाएगा, जिसे आगे 10 साल तक बढ़ाया भी जा सकेगा।
