Chhattisgarh: Heat wave likely to hit Chhattisgarh for next 3 days
रायपुर. छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत के साथ ही गर्मी अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में अगले 3 दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी कर दिया है।
राजनांदगांव में तापमान 46.5°C तक पहुंच गया, जबकि रायपुर में भी पारा 45.7°C रिकॉर्ड हुआ। दोपहर के वक्त हालात ऐसे हैं कि सड़कें तक सुनसान नजर आने लगी हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 28 मई के बीच सेंट्रल और साउथ CG के जिलों में लू सबसे ज्यादा परेशान करेगी। रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बेमेतरा, बिलासपुर, कोरबा, बस्तर और कांकेर समेत कई जिले अलर्ट पर हैं।
हालांकि इसी बीच मौसम अचानक करवट भी ले सकता है। 26 से 29 मई तक कई इलाकों में हल्की बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर कम निकलने की सलाह दी है। ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने की अपील की गई है।
किसानों को भी फसलों में हल्की सिंचाई करने और कटाई के बाद अनाज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
