Raipur | तहसील दफ्तर में वकीलों का हंगामा, कर्मचारियों पर वसूली के आरोप

Spread the love

Uproar in tehsil office over copying controversy

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित तहसील कार्यालय में दस्तावेजों की प्रमाणित नकल (कॉपी) को लेकर वकीलों और कर्मचारियों के बीच जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि नकल कॉपी समय पर नहीं मिलने और पैसों की मांग को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।

बताया जा रहा है कि कुछ वकील हाईकोर्ट में अपील दायर करने के लिए जरूरी दस्तावेजों की प्रमाणित नकल मांग रहे थे। आरोप है कि तय समय में कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई और बदले में पैसों की मांग की गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो बाद में हंगामे में बदल गई।

कर्मचारी से जाति पूछने और बदसलूकी का आरोप

घटना के दौरान एक वकील पर कर्मचारी से उसका नाम और जाति पूछने, गाली-गलौज करने और धक्का देने का आरोप लगा है। हंगामे के बीच तहसीलदार के लिए भी अपशब्द कहे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, हंगामा करने वाले वकील की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

तहसीलदार राममूर्ति दीवान ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री पर भी लगे आरोप

वायरल वीडियो में हंगामे के दौरान टंकराम वर्मा पर भी पैसे लेने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

वकील संघ का पक्ष

इस मामले में वकील भगवानू नायक ने कहा कि तहसील कार्यालय में आम जनता अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए आती है। ऐसे में काम के बदले अतिरिक्त पैसों की मांग करना पूरी तरह गलत है और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल तहसील कार्यालय और वकील संघ के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *