Kanker Encounter | पखांजूर बॉर्डर पर एनकाउंटर, 3 नक्सली ढेर, C-60 जवान शहीद

Spread the love

Kanker Encounter | Encounter at Pakhanjore border, 3 Naxalites killed, C-60 jawan martyred

कांकेर, 6 दिसंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पखांजूर क्षेत्र से बड़ी नक्सल विरोधी कार्रवाई की खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। इनमें दो पुरुष और एक महिला नक्सली शामिल हैं। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की C-60 यूनिट और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन शुरू किया। सर्च के दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए तीन नक्सलियों को मार गिराया।

घटनास्थल से एक AK-47 और एक SLR राइफल समेत हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई है। अधिकारियों का मानना है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे।

इस ऑपरेशन में C-60 के कांस्टेबल दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनकी शहादत से सुरक्षा बलों और गृह क्षेत्र में शोक की लहर है।

वहीं, कांस्टेबल जोगा मडावी गोली लगने से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें गढ़चिरौली रेफर किया जा रहा है।

मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है। आशंका है कि कुछ नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो सकते हैं। अतिरिक्त बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *